नई दिल्ली,दिल्ली पुलिस ने शनिवार को चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में पुलिस स्मृति कार्यक्रम आयोजित कर देश की सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार, आईपीएस सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सेवारत पुलिसकर्मी और शहीदों के परिजन शामिल हुए। इस दौरान ‘रन फॉर मार्टियर्स’, पुष्पांजलि समारोह, शहीद परिवारों का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वीर जवानों के साहस एवं बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह ‘रन फॉर मार्टियर्स’ से हुआ। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने नेहरू पार्क से राष्ट्रीय पुलिस स्मारक तक आयोजित इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ का उद्देश्य शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त करना और उनके बलिदान के प्रति सम्मान प्रकट करना था।
दौड़ के समापन पर पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर पहुंचकर शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली पुलिस के शहीद जवानों के परिजन पुलिसकर्मियों के साथ राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पहुंचे। यहां उनके परिजनों को सम्मानित किया गया और राष्ट्र की सेवा में उनके प्रियजनों के योगदान को याद किया गया।स्मारक के थिएटर में पुलिसकर्मियों की वीरता, बहादुरी और साहसिक कार्यों पर आधारित एक विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। इसके बाद शहीदों के परिजनों ने संग्रहालय का भ्रमण किया और वॉल ऑफ वैलर पर पहुंचकर वीरगति प्राप्त पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।

शाम के कार्यक्रम में विशेष पुलिस आयुक्त, सशस्त्र पुलिस, विजय कुमार, आईपीएस ने वरिष्ठ अधिकारियों और उनके जीवनसाथियों के साथ राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पहुंचकर शहीदों को नमन किया। उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित किया। इसके बाद अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।इस अवसर पर दिल्ली पुलिस के जवानों के साहस और बलिदान पर आधारित फिल्म प्रदर्शित की गई। दिल्ली पुलिस के ब्रास बैंड और पाइप बैंड ने भी विशेष प्रस्तुतियां देकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का समापन बीटिंग द रिट्रीट समारोह और वॉल ऑफ वैलर पर श्रद्धांजलि के साथ हुआ।
देशभर में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति को समर्पित है।राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम के बाद केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) और केंद्रीय पुलिस संगठनों (CPOs) को 22 से 30 अक्टूबर तक अलग-अलग तिथियों पर स्मृति कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी दी जाती है।इस वर्ष दिल्ली पुलिस को 24 अक्टूबर को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में कार्यक्रम आयोजित करने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त, 22 से 30 अक्टूबर तक दिल्ली पुलिस के विभिन्न जिलों और इकाइयों में भी शहीदों की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।





