एनएलयू और एनएसयूटी में शुरू हुए पिंक पुलिस बूथ, जनसुनवाई में पुलिस कमिश्नर ने सुनीं लोगों की समस्याएं; पुलिसकर्मियों से भी किया सीधा संवाद
नई दिल्ली, 28 नवंबर। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार, आईपीएस ने शनिवार को द्वारका जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU) और नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (NSUT), द्वारका में पिंक पुलिस बूथों का उद्घाटन किया। इन बूथों के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं और महिलाओं को पुलिस सहायता आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही, परिसर के आसपास पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

पुलिस कमिश्नर के दौरे के दौरान महिला सुरक्षा, पुलिस-पब्लिक समन्वय, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता और पुलिसकर्मियों के कल्याण से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर पश्चिमी रेंज की संयुक्त पुलिस आयुक्त सुमन गोयल, द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह, ट्रैफिक डीसीपी रणबीर सिंह, अतिरिक्त डीसीपी विकास मीणा समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस स्टेशन द्वारका नॉर्थ में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पुलिस कमिश्नर ने स्थानीय नागरिकों से सीधे बातचीत की और उनकी शिकायतों, समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं के समाधान और जनता के प्रति जवाबदेह पुलिस व्यवस्था पर जोर दिया।

इसके बाद आयोजित संपर्क सभा में उन्होंने पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनके कल्याण, कार्य से जुड़ी परेशानियों और सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समर्पण, ईमानदारी और पेशेवर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज, द्वारका में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों से बातचीत कर उनकी शिकायतें और सुझाव सुने। इस अवसर पर पुलिस को विभिन्न कार्यों में सहयोग देने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को नशे के दुष्परिणामों, नशे से जुड़े अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। नागरिकों ने यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी उठाए।
इस दौरे के जरिए द्वारका जिला पुलिस ने महिला सुरक्षा, नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, अपराध नियंत्रण और पुलिसकर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। दिल्ली पुलिस ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर तालमेल स्थापित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।




