आईआईटीएफ 2026 में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल, स्कूली बच्चों ने पेंटिंग प्रतियोगिता के जरिए दिया सुरक्षित यातायात का संदेश
नई दिल्ली। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2026 में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष रोड सेफ्टी पवेलियन स्थापित किया गया है। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम के हॉल नंबर 7A में बनाए गए इस पवेलियन का उद्घाटन दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार, आईपीएस ने किया।

इस अवसर पर स्पेशल सीपी/एसपीयूडब्ल्यूएसी मनीष अग्रवाल, ज्वाइंट सीपी/ओएसडी संजय जैन, ज्वाइंट सीपी/ट्रैफिक संजय त्यागी, एडिशनल सीपी/ट्रैफिक विजयंता आर्य और एडिशनल सीपी/ट्रैफिक डीके गुप्ता सहित दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सफदरजंग एन्क्लेव स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल के विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी कलाकृतियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में रोड सेफ्टी एमई वैन भी प्रदर्शित की गई, जिसके माध्यम से ऑडियो-विजुअल सामग्री द्वारा लोगों को जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों और सुरक्षित सड़क व्यवहार से संबंधित लघु फिल्में भी दिखाई गईं।

इस दौरान पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा की आदतें बचपन से ही विकसित होनी चाहिए। बच्चे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा स्थापित इस पवेलियन का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित यातायात, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों और जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूक करना है। यहां विभिन्न जानकारीपूर्ण प्रदर्शनियों, जागरूकता गतिविधियों और लोगों से सीधे संवाद के माध्यम से हर आयु वर्ग के दर्शकों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का लक्ष्य आईआईटीएफ के दौरान अधिक से अधिक आगंतुकों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति एक जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में अपनी भूमिका निभाए।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापार मेले में आने वाले सभी लोगों से हॉल नंबर 7A स्थित रोड सेफ्टी पवेलियन का दौरा करने और इस जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।





