हौज काजी थाने में जनसुनवाई कर लोगों की शिकायतें सुनीं, अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम पर एमसीडी के साथ समन्वय बनाकर समाधान के दिए निर्देश
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली की तंग गलियां, घनी आबादी, बाजारों में अतिक्रमण, सड़कों पर वाहनों की भीड़ और आए दिन लगने वाला ट्रैफिक जाम… यहां जिंदगी की रफ्तार जितनी तेज है, लोगों की समस्याएं भी उतनी ही जटिल हैं। इन्हीं गलियों में रहने वाले लोगों की परेशानियों को करीब से समझने और उनकी आवाज सुनने के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार शनिवार को पुरानी दिल्ली के थाना हौज काजी पहुंचे। यहां उन्होंने जनसुनवाई में हिस्सा लेकर स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया।

यह दौरा केवल थाने के निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन लोगों के बीच पहुंचने की एक पहल भी था, जिनकी रोजमर्रा की जिंदगी संकरी गलियों, भीड़भाड़, अतिक्रमण और यातायात संबंधी परेशानियों के बीच गुजरती है।
जनसुनवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस आयुक्त के सामने इलाके की विभिन्न समस्याएं रखीं। विशेष रूप से बाजारों में अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम और रास्तों में होने वाली परेशानियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन समस्याओं का समाधान दिल्ली पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आता है, उन पर पुलिस तत्काल आवश्यक कार्रवाई करे। वहीं, अतिक्रमण और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एमसीडी तथा संबंधित नागरिक एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को वास्तविक राहत मिल सके।
इस दौरान स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर जोन-1 देवेश श्रीवास्तव, ज्वाइंट सीपी मधुर वर्मा और सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई में अमन कमेटी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन (MWA) के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। लोगों ने पुलिस कमिश्नर के स्वयं थाने पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने की पहल की सराहना की।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि इलाके में शांति, कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस और जनता की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय लोगों से पुलिस के साथ सहयोग करने और क्षेत्र में आपसी भाईचारे एवं शांति का वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि जनता का विश्वास और सक्रिय भागीदारी प्रभावी पुलिसिंग की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
जनसुनवाई के बाद पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने थाना हौज काजी का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियों, शिकायतों के निस्तारण और रोजमर्रा के कामकाज की जानकारी ली। इसके अलावा सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की उन पुलिस टीमों से भी मुलाकात की, जिन्होंने हाल के मामलों में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मेहनत, समर्पण और पेशेवर कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

गौरतलब है कि सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस प्रत्येक शनिवार को अलग-अलग थानों में जनसुनवाई आयोजित करती है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराना, उनकी शिकायतों को सुनना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

हौज काजी में आयोजित इस जनसुनवाई की खास बात यह रही कि दिल्ली पुलिस के सर्वोच्च अधिकारी ने स्वयं स्थानीय लोगों के बीच पहुंचकर उनकी परेशानियों को सुना। हालांकि अब असली सवाल इन शिकायतों पर होने वाली कार्रवाई का है। अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान कितना जल्द होता है, इस पर स्थानीय लोगों की निगाहें रहेंगी।

क्योंकि पुरानी दिल्ली की इन गलियों में लोगों को सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि राहत भी चाहिए। आखिरकार पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली की असली परीक्षा दफ्तरों में नहीं, बल्कि उन्हीं गलियों में होती है, जहां आम आदमी रोज अपनी समस्याओं के साथ जिंदगी गुजारता है।






