मां और बहन की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए थाने बुलाया गया था युवक, अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर किया हमला; फरार होकर नागरिक से छीनी स्कूटी
नई दिल्ली, 23 नवंबर। पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने पुलिस थाने के अंदर ही पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के दौरान एक आम नागरिक से कथित तौर पर स्कूटी छीन ली। पुलिस की संयुक्त टीम ने पीछा करते हुए आरोपी को चितली कब्र इलाके में घेर लिया। यहां भी आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें चार और जवान घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैरों में छह गोलियां लगीं। इस पूरी घटना में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
दिल्ली पुलिस सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान नबील (करीब 30 वर्ष), निवासी काला महल, जामा मस्जिद के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे उसे उसकी मां और बहन की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। परिजनों ने शिकायत की थी कि आरोपी उन्हें परेशान कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, थाने में पुलिसकर्मियों के साथ बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में एसआई अजय, एसआई अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र के चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। वहीं एएसआई श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत भी घायल हो गए। सभी पांचों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, फरारी के दौरान उसने एक नागरिक से स्कूटी भी छीन ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की AATS और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम को आरोपी थाना चांदनी महल क्षेत्र के चितली कब्र इलाके में दिखाई दिया।
करीब शाम 4:30 बजे जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने एक बार फिर चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में स्पेशल स्टाफ के कांस्टेबल अंकित, कांस्टेबल जयंत, कांस्टेबल लोकेश और कांस्टेबल परमिंदर घायल हो गए। चारों को इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी के लगातार हमलों और पुलिसकर्मियों के सामने गंभीर खतरे को देखते हुए नियंत्रित फायरिंग की गई। इस दौरान कुल आठ राउंड फायर किए गए, जिनमें से छह गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं। घायल आरोपी को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस का कहना है कि फायरिंग के दौरान सभी गोलियां कमर से नीचे के हिस्से को निशाना बनाकर चलाई गईं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नबील का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2022 में उसके खिलाफ थाना दरियागंज में भारतीय दंड संहिता की धारा 324 के तहत एक मामला दर्ज हुआ था।
इस घटना में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने थाना जामा मस्जिद और थाना चांदनी महल में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामले दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।





