नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की हौज काजी थाना पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत तीन अलग-अलग मामलों में लापता हुए तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल तलाश कर उनके परिवारों से मिला दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई, स्थानीय लोगों के सहयोग, ZIPNET अलर्ट और सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीनों बच्चों को खोजने में सफलता हासिल की। इनमें एक बच्चे को महज 55 मिनट के भीतर तलाश कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला 12 नवंबर 2026 का है। सीताराम बाजार निवासी 11 वर्षीय बच्चा सुबह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सूचना मिलते ही हौज काजी थाना पुलिस ने एसएचओ इंस्पेक्टर अमरेंद्र कुमार सुमन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने आसपास के थानों से संपर्क किया और आरडब्ल्यूए व एमडब्ल्यूए के व्हाट्सऐप ग्रुप में बच्चे की जानकारी साझा की। स्थानीय दुकानदारों और लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने लाल कुआं इलाके से बच्चे को महज 55 मिनट में सुरक्षित तलाश लिया और परिजनों को सौंप दिया।
दूसरे मामले में 11 नवंबर से लापता मानसिक दिव्यांग बच्चे के पिता ने 13 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे हौज काजी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत एफआईआर नंबर 449/26 दर्ज कर बच्चे की जानकारी ZIPNET, NCRB और वायरलेस संदेशों के माध्यम से प्रसारित की। ZIPNET से मिले अलर्ट के आधार पर वेलकम थाना पुलिस ने बच्चे के मिलने की सूचना दी। इसके बाद हेड कांस्टेबल संदीप कुमार बच्चे के पिता के साथ वेलकम थाने पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। मेडिकल जांच के बाद उसे पिता को सौंप दिया गया।
तीसरा मामला 8 नवंबर का है, जब 15 वर्षीय किशोर अपने पिता के साथ चावड़ी बाजार आया था और वहां से लापता हो गया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर नंबर 448/2026 दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच शुरू की। कैमरे-दर-कैमरे फुटेज खंगालते हुए पुलिस टीम किशोर की गतिविधियों का पता लगाते हुए पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां 14 नवंबर को उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
तीनों बच्चों को आवश्यक मेडिकल जांच और कानूनी औपचारिकताओं के बाद उनके परिवारों के सुपुर्द कर दिया गया।
इन सफल कार्रवाइयों में एसएचओ हौज काजी इंस्पेक्टर अमरेंद्र कुमार सुमन की देखरेख में पुलिस टीमों ने अहम भूमिका निभाई। पूरी कार्रवाई एसीपी कमला मार्केट संजीव कुमार के मार्गदर्शन और निगरानी में संपन्न हुई।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने पुलिस टीमों की तत्परता और समन्वित प्रयासों को सराहनीय बताया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और गुमशुदा बच्चों को उनके परिवारों से मिलाना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।






