दिल्ली के नंद नगरी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लूटपाट और झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 की रात करीब 11:25 बजे कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल शिव कुमार नंद नगरी स्थित डीसी ऑफिस के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक गुप्त सूचना मिली कि सुंदर नगरी के पेली मिट्टी पार्क में दो संदिग्ध युवक मौजूद हैं, जिनके पास अवैध हथियार और कारतूस हैं। सूचना यह भी थी कि दोनों किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। उनकी पहचान अर्जुन (28), निवासी बी-ब्लॉक, नंद नगरी और हरिओम उर्फ सागर (26), निवासी बी-ब्लॉक, नंद नगरी के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान अर्जुन के कब्जे से एक देशी कट्टा और हरिओम उर्फ सागर के पास से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद थाना नंद नगरी में एफआईआर नंबर 641/26, दिनांक 4 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान अर्जुन का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह पहले से चोरी, रात में सेंधमारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े सात मामलों में शामिल रहा है। वहीं, हरिओम उर्फ सागर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गश्त कर रहे जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से संभावित आपराधिक वारदात को समय रहते रोकने में मदद मिली।
आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी के संबंध में आगे की जांच जारी है।





