नई दिल्ली, Delhi Police दिल्ली पुलिस ने आज अपनी समावेशी पुलिसिंग और सामुदायिक जुड़ाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर नॉर्थ ईस्टर्न रीजन (SPUNER) का आधिकारिक लोगो पुलिस मुख्यालय में लॉन्च किया।
इस लोगो का अनावरण दिल्ली पुलिस के आयुक्त सतीश गोलछा द्वारा किया गया। इस अवसर पर डेविड लालृंसांग स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस, SPUNER सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
SPUNER का यह नया लोगो यूनिट की स्पष्ट पहचान बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह लोगो उत्तर-पूर्वी राज्यों से दिल्ली में रहने वाले लोगों की सुरक्षा, समावेशिता और त्वरित सहायता के प्रति दिल्ली पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बैज-स्टाइल संरचना वाले इस लोगो में कानून प्रवर्तन की विश्वसनीयता और अधिकार को दर्शाया गया है, वहीं इसमें मानवीय तत्वों को भी शामिल किया गया है जो विश्वास, सहयोग और अपनत्व की भावना को प्रकट करते हैं।
इस लोगो को खास बनाने वाली बात यह है कि इसके डिजाइन में उत्तर-पूर्वी समुदाय के लोगों के सुझाव और विचारों को शामिल किया गया। इन सुझावों को बाद में पेशेवर डिजाइनर द्वारा एक प्रभावी और स्पष्ट रूप में ढाला गया।
अधिकारियों के अनुसार, इस लोगो का लॉन्च SPUNER की पहचान को मजबूत करेगा, साथ ही दिल्ली पुलिस की समावेशी पुलिसिंग और समुदाय के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।

SPUNER वर्ष 2014 से लगातार उत्तर-पूर्वी राज्यों के नागरिकों, दार्जिलिंग के गोरखा समुदाय और लद्दाखी निवासियों के लिए कार्य कर रही है। यह यूनिट लोगों के कल्याण, सुरक्षा और आपसी समन्वय को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल चला रही है।
SPUNER की प्रमुख पहलें
नॉर्थ-ईस्ट हेल्पलाइन (1093):संकट की स्थिति में 24×7 सहायता उपलब्ध
मोबाइल पेट्रोलिंग यूनिट:उत्तर-पूर्वी आबादी वाले क्षेत्रों में सक्रिय तैनाती
मानवीय सहायता: मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह राज्य तक पहुंचाने में सहयोग
स्वास्थ्य सुविधाएं: एम्पैनल्ड अस्पतालों के माध्यम से रियायती और सब्सिडाइज्ड इलाज
सांस्कृतिक कार्यक्रम:त्योहार, खेलकूद और फ्रेशर मीट के माध्यम से सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा
इन पहलों के जरिए SPUNER ने समुदाय के बीच विश्वास बढ़ाने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
SPUNER का यह नया लोगो और इसके तहत चल रही पहलें दिल्ली में रहने वाले उत्तर-पूर्वी नागरिकों, गोरखा और लद्दाखी समुदाय के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा को सुनिश्चित करने की दिशा में दिल्ली पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।





