नई दिल्ली – डीसीपी उत्तर-पश्चिम जिला आकांक्षा यादव ने बताया कि वजीरपुर की जेजे कॉलोनी में बारात के दौरान हुए विवाद के बाद हुई मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में भारत नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को के-ब्लॉक, जेजे कॉलोनी वजीरपुर में झगड़े की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से थाना भारत नगर को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पता चला कि घायल व्यक्तियों को पहले ही अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर मोहन्लाल (42) और वीरेंद्र (47), दोनों निवासी जेजे कॉलोनी वजीरपुर को घायल अवस्था में भर्ती पाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि माता पार्क (पठवारी पार्क) के पास बारात के दौरान एक ई-रिक्शा के रास्ते में हल्की रुकावट को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात को लेकर साहिल उर्फ नटवाला उर्फ लाला ने अपने साथियों राघव उर्फ अलीगढ़िया उर्फ रोमियो उर्फ अक्षय कुमार, अभिषेक उर्फ बघीरा और अर्जुन के साथ मिलकर दोनों पीड़ितों पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी और महज एक घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इस मामले में भारत नगर थाने में बीएनएस की धारा 103(1)/109(1)/3(5) के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक पुलिस अधिकारी द्वारा अपराधियों को जनप्रतिनिधियों के निर्देश पर छोड़े जाने की बात कही गई थी।
इस पर स्पष्टीकरण देते हुए पुलिस ने बताया कि जनसंपर्क के दौरान इंस्पेक्टर राजीव, एटीओ अशोक विहार (जो उस समय भारत नगर थाने का कार्य देख रहे थे) द्वारा कुछ गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां की गई थीं, जो तथ्यों पर आधारित नहीं थीं और दिल्ली पुलिस की आधिकारिक नीति को नहीं दर्शातीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राजीव को तत्काल प्रभाव से जिला लाइन भेज दिया गया है और उन्हें एसएचओ के प्रभार से हटा दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह कानून के अनुसार और प्रत्येक मामले के तथ्यों के आधार पर बिना किसी बाहरी दबाव के कार्रवाई करती है तथा अपराध और विशेष रूप से नशे के कारोबार के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।





