सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का बढ़ाया हौसला
नई दिल्ली। दीपावली के अवसर पर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार, ने 8 नवंबर 2026 को राजधानी के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और मिठाइयां बांटकर उनका उत्साह बढ़ाया।

पुलिस आयुक्त ने पुलिस पिकेट, पीसीआर वैन और ट्रैफिक चौराहों पर तैनात जवानों से बातचीत की। उन्होंने दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर अपने परिवारों से दूर रहकर जनता की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
मीडिया से बातचीत में पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने दिल्लीवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग इस त्योहार को खुशी और उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के जवान यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं कि राजधानी के लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में दीपावली मना सकें।

पुलिस आयुक्त ने दिल्ली पुलिस के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षाकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, ताकि दिल्लीवासी सुरक्षित वातावरण में त्योहार की खुशियां मना सकें।
अपने दौरे के दौरान अनुराग कुमार ने साउथ एक्सटेंशन, ओबेरॉय फ्लाईओवर, भारत मंडपम, लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन, शांति वन, मॉडल टाउन और राजौरी गार्डन सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर, ज्वाइंट सीपी/ओएसडी, विभिन्न रेंज के ज्वाइंट सीपी, जिला डीसीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
दिल्ली पुलिस की इस पहल का उद्देश्य त्योहार के दौरान ड्यूटी कर रहे जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ राजधानी में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना रहा।





