रामलीला मैदान से पकड़ा गया आरोपी अशोक कुमार टुडू, वारदात में इस्तेमाल यूटिलिटी कटर बरामद; कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
नई दिल्ली,मध्य जिला के कमला मार्किट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान अशोक कुमार टुडू (30) के रूप में की है। डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपी को रामलीला मैदान, दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया यूटिलिटी कटर भी बरामद कर लिया है। अदालत ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को कमला मार्किट थाना पुलिस को लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल से सूचना मिली थी कि 26 वर्षीय एक युवक को धारदार हथियार से लगी चोट के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआत में घायल युवक बयान देने की स्थिति में नहीं था। बाद में डॉक्टरों द्वारा बयान देने के लिए फिट घोषित किए जाने पर पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।
घायल ने पुलिस को बताया कि 2 नवंबर की रात वह आसफ अली रोड स्थित हिम्मतगढ़ चौक के पास हमदर्द बिल्डिंग के नीचे फुटपाथ पर सो रहा था। इसी दौरान अशोक कुमार टुडू ने पैसों के विवाद को लेकर उस पर कटर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल के बयान और मेडिकल रिपोर्ट (MLC) के आधार पर कमला मार्केट थाने में FIR संख्या 338/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई गौरव कुमार और कांस्टेबल सचिन की टीम ने एसएचओ कमला मार्केट संजय कुमार सिंह के नेतृत्व तथा एसीपी कमला मार्केट की निगरानी में जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्राइम टीम तथा फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
स्थानीय पूछताछ, खुफिया जानकारी और लगातार जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद पुलिस टीम ने रामलीला मैदान से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घायल युवक को जानने और दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद होने की बात बताई। आरोपी ने कटर ब्लेड से हमला करने की बात भी स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हमदर्द बिल्डिंग के नीचे उसी फुटपाथ से वारदात में इस्तेमाल किया गया यूटिलिटी कटर बरामद किया गया, जहां घायल युवक सोया करता था।
पुलिस ने आरोपी के पहने हुए कपड़े और डॉक्टर द्वारा सुरक्षित रखे गए उसके रक्त के नमूने सहित अन्य जरूरी साक्ष्यों को भी फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त किया है। घटनास्थल से क्राइम टीम द्वारा एकत्र किए गए साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी अशोक कुमार टुडू कमला मार्केट इलाके में फुटपाथ पर रहता था, जबकि उसका स्थायी पता झारखंड के गोड्डा जिले का है। फिलहाल आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





