राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के तहत ‘Say No to Drugs’ अभियान, 1,300 किलोमीटर की यात्रा कर गुजरात के एकता नगर पहुंचेगा मोटरसाइकिल दल
नई दिल्ली। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और नशामुक्त भारत के संदेश को देशभर में फैलाने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस ने एक विशेष पहल की है। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में दिल्ली पुलिस के मोटरसाइकिल दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली में हिस्सा लेगा। इस अभियान का मुख्य संदेश ‘Say No to Drugs’ यानी ‘नशे को कहें ना’ है।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के समन्वय में आयोजित इस रैली में दिल्ली पुलिस के अलावा विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के मोटरसाइकिल दल भी भाग लेंगे। इस पहल का उद्देश्य खासतौर पर युवाओं को नशे के खतरों के प्रति जागरूक करना और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है।
राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली को 21 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा औपचारिक रूप से रवाना किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागी गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) की ओर प्रस्थान करेंगे।

रैली में शामिल मोटरसाइकिल सवार सड़क मार्ग से लगभग 1,300 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यात्रा के दौरान जयपुर, अजमेर, उदयपुर और गांधीनगर में रात्रि विश्राम निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के अनुसार, सभी दल 25 अक्टूबर 2026 को एकता नगर पहुंचेंगे।
इस रैली में दिल्ली पुलिस की ओर से कुल आठ मोटरसाइकिल सवार हिस्सा लेंगे। इनमें पांच मुख्य राइडर और तीन रिजर्व राइडर शामिल हैं। लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी राइडर्स को जैकेट, ट्राउजर, दस्ताने, जूते और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
रैली के साथ सहायता के लिए एक ट्रक, एक अर्टिगा कार और एक मिनीबस भी भेजी जाएगी। इन वाहनों का उपयोग रिजर्व मोटरसाइकिलों के परिवहन तथा यात्रा के दौरान आवश्यक प्रशासनिक, लॉजिस्टिक और मीडिया संबंधी व्यवस्थाओं के लिए किया जाएगा।
रैली के दौरान मोटरसाइकिल सवार विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे। स्थानीय पुलिस के सहयोग से आम नागरिकों, खासकर युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया जाएगा।अभियान के तहत इंडिया गेट और लाल किले जैसे प्रमुख स्थानों पर भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने की योजना है। इसके माध्यम से नागरिकों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
राष्ट्रव्यापी अभियान में शामिल होने के लिए लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब से आने वाले मोटरसाइकिल दलों तथा उनके सहयोगी कर्मियों के ठहरने की व्यवस्था नई पुलिस लाइंस, दिल्ली में की गई है।दिल्ली पुलिस इन दलों के रहने और भोजन सहित आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग कर रही है, ताकि सभी प्रतिभागी कार्यक्रम में सुचारु रूप से हिस्सा ले सकें। यह पहल विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बीच समन्वय तथा सहयोग को भी मजबूत करेगी।
राष्ट्रीय एकता दिवस का मुख्य समारोह 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की उपस्थिति प्रस्तावित है। रैली में भाग लेने वाले मोटरसाइकिल दल राष्ट्रीय समारोह के अंतर्गत आयोजित एकता परेड में भी हिस्सा लेंगे।राष्ट्रीय एकता दिवस सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस आयोजन के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव के साथ नशामुक्त भारत का संदेश भी प्रसारित किया जाएगा।





