नई दिल्ली,दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने बुधवार को पूर्वी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अशिता पार्क, लक्ष्मी नगर में फील्ड पेट्रोलिंग की। इस दौरान उनके साथ विशेष पुलिस आयुक्त/एलएंडओ जोन-I देवेश चंद्र श्रीवास्तव, संयुक्त पुलिस आयुक्त/ईस्टर्न रेंज मिलिंद महादेव डुंबरे, डीसीपी/ईस्ट डिस्ट्रिक्ट राजीव कुमार, एसीपी/प्रीत विहार तथा लक्ष्मी नगर, शकरपुर और प्रीत विहार थानों के एसएचओ एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पार्क में पुलिस की मौजूदगी, निवारक गश्त, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। अधिकारियों ने पार्क में आने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस की प्रभावी एवं दिखाई देने वाली मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पुलिस आयुक्त ने क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग की स्थिति का भी जायजा लिया और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। विशेष रूप से सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके बाद सीपी दिल्ली ने प्रीत विहार स्थित V3S मॉल के पिंक बूथ का भी दौरा किया। उन्होंने वहां तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर पिंक बूथ के संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

पुलिस आयुक्त ने पिंक बूथ की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए प्रभावी पेट्रोलिंग, पर्याप्त पुलिस मौजूदगी और शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
दिल्ली पुलिस की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं सहित आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जमीनी स्तर पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।





