नई दिल्ली,राजधानी दिल्ली के कमला मार्केट थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का दिल्ली पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया।डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ, AATS और थाना कमला मार्केट की संयुक्त टीम ने दिन-रात की कड़ी मशक्कत और तकनीकी जांच के दम पर तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
यह मामला न केवल एक लूट की वारदात था, बल्कि इसमें अपराधियों की बर्बरता भी सामने आई, जिन्होंने एक बेगुनाह TSR (ऑटो) चालक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी।
5 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 5:31 बजे पुलिस को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली कि मिंटो रोड स्थित शिवाजी पार्क बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक अज्ञात व्यक्ति खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे झाड़ियों के बीच पड़ा मिला।
पीड़ित के गले और सीने पर कई गहरे चाकू के घाव थे। मौके पर ही क्राइम टीम, फोरेंसिक टीम और CAT एम्बुलेंस को बुलाया गया। घायल को तुरंत LNJP अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कमला मार्केट में FIR नंबर 96/2026, धारा 103(1) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दिल्ली पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया, जिसमें अपराध की गंभीरता को देखते हुए, आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए थाना कमला मार्केट, स्पेशल स्टाफ और AATS, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की एक खास टीम बनाई गई। इस टीम की अगुवाई इंस्पेक्टर रोहित कुमार (I/C स्पेशल स्टाफ) और इंस्पेक्टर रघुबीर (I/C AATS) ने की, साथ में इंस्पेक्टर सी एल मीना एस एच ओ कमला मार्केट और इंस्पेक्टर कपिल खोखर शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस ने:घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले,लोकल इंटेलिजेंस नेटवर्क को एक्टिव किया,तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग का सहारा लिया
CCTV विश्लेषण में पता चला कि पांच युवक निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास से मृतक के TSR में सवार हुए थे। इसके बाद उनकी मूवमेंट को ट्रैक करते हुए पुलिस दिल्ली से फरीदाबाद होते हुए पलवल (हरियाणा) तक पहुंची।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पलवल रेलवे स्टेशन और गांव लिक्खी के पास करीब 12 घंटे तक घेराबंदी की। इस ऑपरेशन के दौरान दो आरोपी — योगेश (25) और योगेश उर्फ रॉकी (24) को गिरफ्तार किया गया।
लूटा गया TSR बरामद किया गया,मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ,खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध चाकू भी बरामद किया गया
इसके बाद तीसरे आरोपी सोमेश (25) को दिल्ली के सराय काले खां बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सभी नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए अपराध करते थे। उनका तरीका बेहद सुनियोजित था:रात के समय पलवल से ट्रेन पकड़कर दिल्ली आना,रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के आसपास शिकार तलाशना,लूटपाट और स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देना वारदात के बाद वापस ट्रेन से पलवल लौट जाना
4-5 अप्रैल की रात भी ये सभी आरोपी इसी योजना के तहत दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने निजामुद्दीन से TSR किराए पर लिया और कनॉट प्लेस जाने का बहाना बनाया। कुछ दूरी पर पहुंचते ही उन्होंने ड्राइवर को लूटने की कोशिश की।

ड्राइवर के विरोध करने पर आरोपियों ने उसे काबू में कर लिया और चाकू से गले और सीने पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद उसे मिंटो ब्रिज के पास फेंक दिया और TSR व मोबाइल लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:मृतक का TSR (DL-1R-AC-1727),मोबाइल फोन खून से सने कपड़े,वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध चाकू बरामद किया है।
पूरे ऑपरेशन को ACP ऑपरेशंस पदम सिंह राणा और ACP दरियागंज कमल शर्मा की निगरानी में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम की तत्परता और प्रोफेशनल जांच के चलते इस जघन्य अपराध का 48 घंटे में खुलासा संभव हो सका।
फिलहाल मामले में शामिल दो अन्य आरोपी — सोनू और विक्रम — फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।





